R Ashwin on Vaibhav Suryavanshi: पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी में भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने की क्षमता है। आईपीएल 2026 में वैभव अपने शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं।
उनकी बेहतरीन फॉर्म को देखते हुए आयरलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज में उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की मांग भी तेज हो गई है। वहीं, कुछ क्रिकेट विशेषज्ञ वैभव को टेस्ट क्रिकेट में मौका देने की बात कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि अभी ऐसा फैसला लेना जल्दबाजी हो सकता है।
R Ashwin ने Vaibhav Suryavanshi की दिल खोलकर की तारीफ
दरअसल, जियो हॉटस्टार पर बातचीत करते हुए अश्विन ने वैभव की आक्रामक अप्रोच की तारीफ करते हुए कहा, "वह हर गेंदबाज पर हमला कर रहा है। मैं उसे टेस्ट मैच में भी खेलते देखना चाहता हूं और भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में भी। उसे ग्राउंड पर लाइए, लोग खुद उसे देखने आएंगे, क्योंकि फैंस को भरपूर मनोरंजन करेगा। उन्होंने आगे कहा कि वह क्रिकेट बॉल पर अपनी पूरी ताकत लगा रहा है, जिस तरह उसने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में बैटिंग की थी, उसे देखकर लगता है कि वह क्रिकेट का बॉक्स ऑफिस खिलाड़ी बनने वाला है।
वैभव सूर्यवंशी, आईपीएल के इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के सबसे बड़े ब्रेकआउट स्टार्स में से एक रहे हैं। इस युवा बैटर ने टॉप ऑर्डर में अपनी आक्रामक बैटिंग से हर किसी का ध्यान खींचा है।
सीनियर लेवल पर ज्यादा अनुभव न होने के बावजूद वो तेज गेंदबाजी हो या स्पिन, हर किसी के खिलाफ निडर होकर खेल रहे हैं। अश्विन को लगता है कि इस युवा खिलाड़ी की सबसे खास बात ये है कि वह अपने नेचुरल गेम को लेकर कितने कॉन्फिडेंट हैं। उन्होंने कहा,
पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर ने ये भी कहा कि सूर्यवंशी को उम्मीदों के बोझ के बिना क्रिकेट के इस दौर का मजा लेने देना चाहिए। पूर्व भारतीय स्पिनर बोले कि आपके क्रिकेट करियर में बहुत कम मौके ऐसे आते हैं जब आप पूरी तरह से अपने क्रिकेट का आनंद ले सकते हैं और वह सिर्फ 15 साल का है। मुझे लगता है हमें उसे रहने देना चाहिए। करियर के इस स्टेज पर उससे ऐसी चीजें करने के लिए कहने का कोई मतलब नहीं है जो उसे नहीं करनी चाहिए।
अनुभवी खिलाड़ियों का किया जिक्र
अश्विन ने ये भी बताया कि रॉयल्स के पास मिडिल ऑर्डर में पहले से ही काफी अनुभवी बल्लेबाज हैं और कहा कि युवा खिलाड़ी को अकेले बैटिंग यूनिट का बोझ उठाने की जिम्मेदारी महसूस नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "उसके बाद ध्रुव जुरेल, रियान पराग और डोनोवन फरेरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। उसे वो बोझ नहीं उठाना चाहिए। अगर वह टीम को तेज शुरुआत दे सकता है, तो उनके पास जो बैटिंग लाइन-अप है, उससे उन्हें ऐसे मैच आसानी से जीतने चाहिए।"
बता दें कि आईपीएल 2026 में अभी तक राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने 11 मैच खेलते हुए 40 की औसत और 236 के स्ट्राइक रेट से 440 रन बना लिए हैं।


