खाप के पूर्व प्रधान एवं प्रख्यात समाजसेवी चौधरी रामकरण सोलंकी की पांचवीं पुण्यतिथि पर पालम में श्रद्धांजलि समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ सहित दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता , दिल्ली सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें नमन किया और उत्तर भारत की विभिन्न खापों के गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने चौधरी रामकरण सोलंकी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। धनखड़ ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी केवल एक खाप प्रधान नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, भाईचारे ,किसानों और जनहित की आवाज थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज के हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से उठाया और उन्हें सरकार तक पहुंचाकर समाधान करवाने में अहम भूमिका निभाई। अब चौधरी रामकरण सोलंकी के सुपुत्र सुरेंद्र सोलंकी उन्ही के पदचिन्हों पर चल कर समाजिक तानेबाने को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।

धनखड़ ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी ने करीब 16 वर्षों तक पालम खाप का नेतृत्व करते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य किया। वे उत्तर भारत में समाज सुधार की एक प्रभावशाली आवाज के रूप में पहचाने जाते थे। समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

धनखड़ ने बताया कि दिल्ली के द्वारका से सेक्टर-10 मार्केट तक की सड़क का नाम चौधरी रामकरण सोलंकी के नाम पर रखा गया है, जो उनके सामाजिक योगदान का सम्मान है।

कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा, मनिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर विधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी जैसे व्यक्तित्व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार और समाजसेवा का मार्ग आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके सुपुत्र एवं पालम 360 के प्रधान चौ सुरेंद्र सोलंकी द्वारा खाप का नेतृत्व भी सामाजिक मूल्यों और परंपराओं को मजबूती प्रदान कर रहा है।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित लोगों ने चौधरी रामकरण सोलंकी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा, जनजागरण और भाईचारे की अमिट मिसाल है, जिसे युगों तक याद रखा जाएगा।

फ़ोटो पालम खाप 360 के पूर्व प्रधान चौ रामकरण सोंलकी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औम प्रकाश धनखड़।