बंगाल में चुनाव बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर बमबाजी किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पानीहाटी के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्त रोड इलाके की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि एक बाइक पर चार लोग सवार थे।
बमबाजी से पांच भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए
आरोप है कि आते ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर एक के बाद एक तीन बम फेंके और फिर मौके से फरार हो गए। बम विस्फोट के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलने पर खड़दह थाने की पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। भाजपा ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस समर्थित बदमाशों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता को गोली मारी
बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा बढऩे के बीच, बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट इलाके में भाजपा के एक कार्यकर्ता पर कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण प्राप्त बदमाशों ने गोली मार दी। भाजपा ने यह दावा किया। सूत्रों के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता रोहित राय को पेट में गोली लगने के कारण बशीरहाट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा जारी एक वीडियो फुटेज में राय को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जब वह कुछ अन्य लोगों के साथ अपने इलाके में भाजपा के झंडे लगा रहे थे, तभी तृणमूल के आठ से 10 कार्यकर्ताओं के एक समूह में से तीन बदमाशों ने उन पर गोली चलाई। उत्तर कोलकाता के बारानगर क्षेत्र में एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता पर चाकू से हमला किए जाने की घटना घटी है।




