पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। बीजेपी पहली बार राज्य में सरकार बनाने का दावा कर रही है। हालांकि मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन बीजेपी सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो के ताजा बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।

महतो ने कहा कि अगले 24 घंटों में बंगाल में “नए दौर की शुरुआत” होगी और वर्षों से चल रही तुष्टीकरण की राजनीति खत्म हो जाएगी। उन्होंने टीएमसी पर हमला बोलते हुए दावा किया कि अब राज्य की सत्ता ऐसे नेतृत्व के हाथ में जाएगी, जिसे उन्होंने “हिंदू हृदय सम्राट” बताया। उनके मुताबिक नई सरकार बिना भेदभाव बहुसंख्यक समाज के हितों को प्राथमिकता देगी।

बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने लंबे समय तक मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति की। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण बंगाल की स्थिति “पाकिस्तान जैसी” बन गई थी।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण की तैयारी तेज

कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में संभावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त किया गया है और रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी निगरानी एसपीजी कर रही है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

विधायक दल की बैठक के बाद होगा फैसला

भाजपा नेता कीया घोष ने कहा कि विधायक दल के नेता का चयन पार्टी की तय प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि अमित शाह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को पर्यवेक्षक बनाया गया है। विधायक दल की बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा, जिसके बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कीया घोष ने कहा कि बंगाल में ऐसी सरकार बनने जा रही है, जो श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा को आगे बढ़ाएगी।

“जननेता” ही बनेगा अगला मुख्यमंत्री: सौमित्र खान

बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने भी मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का नेतृत्व केवल एक “जननेता” करेगा। हालांकि उन्होंने किसी नाम का खुलासा नहीं किया।

एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मंत्रिमंडल भंग हो चुका है और लंबे संघर्ष के बाद पार्टी को सफलता मिली है। उनके मुताबिक नई सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में काम करेगी।