बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम स्थल के नजदीक से दो जिलेटिन स्टिक बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

सेंट्रल रेंज के डीआईजी के मुताबिक, रविवार सुबह सुरक्षा जांच अभियान के दौरान यह विस्फोटक सामग्री मिली। जिस स्थान पर जिलेटिन स्टिक बरामद हुईं, वह पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि जांच के दौरान फुटपाथ के पास दो जिलेटिन स्टिक दिखाई दीं। इसके बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब खुफिया एजेंसियों ने संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली और अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया हुआ है। इनपुट मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कई संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामान और लंबे समय से खड़े वाहनों पर विशेष नजर बनाए रखें।